Solan News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन के क्यारीघाट में पत्रकारों से बातचीत में हरियाणा सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किशाऊ बांध के एमओयू पर दस्तखत तभी होंगे, जब हरियाणा वर्ष 2011 से बकाया एरियर देने का शपथ पत्र देगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि बकाया एरियर मिलने से हिमाचल प्रदेश को अगले 15 सालों में 500 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि 2011 से प्रदेश का पैसा फंसा हुआ है। कानूनी फैसला होने के बावजूद पड़ोसी राज्य एरियर का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
एमओयू न होने पर पड़ोसी राज्यों में जल संकट की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने चेताया कि यदि यह समझौता नहीं हुआ तो हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और गुरुग्राम में जल संकट गहरा जाएगा। उन्होंने कहा कि 1000 करोड़ की आय वाली किशाऊ परियोजना के लिए हिमाचल अपना हक लेकर रहेगा। हम अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं।
सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने केंद्र से मिलने वाली आरडीजी ग्रांट बंद करवाकर प्रदेश के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार रोककर 2027 तक राज्य को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है।