Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अब तय समय से पहले सोमवार को दोबारा दिल्ली जाएंगे। पहले उनका कार्यक्रम 10 सितंबर का था। केंद्रीय मंत्रियों से मीटिंग का समय जल्दी मिलने के कारण शेड्यूल में यह बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी में प्रदेश के अहम विकास कार्यों पर बातचीत करेंगे।
केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर उठाएंगे प्रदेश के लंबित मामले
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सोमवार को दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और 10 सितंबर को वापस लौटेंगे। इस टूर के दौरान वह केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलकर हिमाचल के लंबित प्रोजेक्ट्स पर चर्चा करेंगे।
नितिन गडकरी के साथ होने वाली बैठक को बेहद खास माना जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के नेशनल हाईवे, प्रमुख सड़क नेटवर्क और केंद्र से रुकी जरूरी मंजूरियों पर बात होगी। मुख्यमंत्री पहाड़ी राज्य के लिए जरूरी वित्तीय मदद और बजट से जुड़े अहम मामलों को भी केंद्र सरकार के सामने प्रमुखता से रखेंगे।
संगठन और सरकार के स्तर पर सियासी हलचल तेज
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राज्य की राजनीति के लिहाज से भी काफी अहम देखा जा रहा है। सरकारी बैठकों के अलावा सुक्खू कांग्रेस हाईकमान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वह संगठन की स्थिति और प्रदेश के मौजूदा सियासी हालात पर पार्टी लीडरशिप से बातचीत करेंगे।