Kinnaur News: कांग्रेस हाईकमान ने किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी के साथ कल्पा, निचार और पूह ब्लॉक कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। हालांकि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी अपने पद पर बने रहेंगे। इस बड़े संगठनात्मक फैसले के बाद जिले की अंदरूनी राजनीति फिर से काफी गरमा गई है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार की मंजूरी से यह कदम उठाया गया है। पार्टी का कहना है कि जल्द ही जिले में नए सिरे से संगठन का पूरा पुनर्गठन किया जाएगा और नई कार्यकारिणी का गठन होगा।
किन्नौर में मंत्री जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी के बीच लंबे समय से राजनीतिक खींचतान चल रही है। मंत्री नेगी कई बार भंडारी की नियुक्ति पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में कमेटियों को भंग करना एक अहम कदम है। हाल ही में निगम भंडारी ने भी पार्टी बैठक में इस मामले को उठाया था।
अध्यक्ष पद पर निगम भंडारी को बरकरार रखना पार्टी के भीतर चल रही आपसी खींचतान के बीच काफी अहम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए पुनर्गठन में किन नेताओं को जिम्मेदारी मिलती है। इससे जिले में राजनीतिक शक्ति संतुलन की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।