Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नाहन-पांवटा-देहरादून नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल चल रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान टोकियों गांव निवासी ओम प्रकाश, पुत्र चुड़ सिंह के रूप में हुई है। ओम प्रकाश सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी नाहन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
स्थानीय निवासियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।