रामपुर के खनेरी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान, दो माह से अल्ट्रासाउंड मशीन भी पड़ी ठप

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला जिले के रामपुर स्थित महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी बनी हुई है। इससे मरीजों को इलाज कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में पिछले दो महीने से आंखों के डॉक्टर और दो साल से ईएनटी विशेषज्ञ का पद पूरी तरह से खाली चल रहा है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव के चलते रामपुर, किन्नौर, आनी और ननखड़ी क्षेत्र के मरीजों को निजी अस्पतालों या शिमला जाना पड़ रहा है। सामान्य ओपीडी में परामर्श की सही सुविधा नहीं मिल पा रही है। मोतियाबिंद, आंखों की जांच, कान और गले की समस्याओं के मरीज इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

अस्पताल में सिर्फ डॉक्टरों की ही कमी नहीं है, बल्कि जांच की सुविधाएं भी बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। पिछले दो महीनों से रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली है और अल्ट्रासाउंड मशीन भी खराब पड़ी है। गरीब परिवारों पर प्राइवेट क्लीनिक में महंगी जांच कराने का बहुत बड़ा आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग से तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की है। लोगों का कहना है कि खनेरी अस्पताल में रोज सैकड़ों मरीज आते हैं। ऐसे में अल्ट्रासाउंड मशीन को शीघ्र चालू करके ईएनटी, आई स्पेशलिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट तैनात किए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

अस्पताल के एमएस डॉ. रोशन लाल कौंडल ने माना कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों की तैनाती के लिए पत्र लिखा जा चुका है। नई अल्ट्रासाउंड मशीन जल्द मिलने की उम्मीद है, जिससे खनेरी अस्पताल की व्यवस्था जल्द सुधरने की संभावना जताई जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News