Shimla News: हिमाचल पथ परिवहन निगम में महीने की पंद्रह तारीख बीत जाने के बाद भी करीब सात सौ पेंशनरों को पेंशन नहीं मिली है। पेंशन भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज पेंशनर्ज कल्याण संगठन की शिमला इकाई ने मंगलवार को निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सरकार से 20 करोड़ रुपये मिलने के बाद भी अटका भुगतान
संगठन के अनुसार मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सरकार ने पेंशन मद में 20 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इसके बावजूद सैकड़ों पेंशनरों के बैंक खातों में राशि नहीं पहुंच सकी है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ बैंकों में तकनीकी दिक्कतों के कारण भुगतान अटका है, जिससे बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने तीन प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते की किस्त और नाइट ओवरटाइम के भुगतान का मामला भी जोर-शोर से उठाया। इसके साथ ही जनवरी 2020 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों ने हलफनामा देने के बाद भी पेंशन शुरू न होने पर गहरा रोष जताया और बकाया वित्तीय लाभ तुरंत जारी करने की मांग की।
मांगें न मानने पर नालागढ़ बैठक में बनेगी आंदोलन की रणनीति
पेंशनर्ज कल्याण संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि लंबित मांगों का जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। आगामी 24 सितंबर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें मुख्यालय के घेराव सहित बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।