Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी विजिलेंस जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।
800 में से केवल 140 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाने पर उठाए सवाल
भाजपा नेता बलदेव सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि इस भर्ती के लिए 800 से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन विभाग ने केवल 140 अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए बुलाया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि करवा चौथ के दिन प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित होने के बावजूद साक्षात्कार क्यों आयोजित किए गए।
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में कांग्रेस के एक नेता के निजी स्कूल की फर्जी मार्कशीट का इस्तेमाल किया जा रहा है। तोमर ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो प्रदेश में अगली सरकार बनने पर इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की दोबारा जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।