बैजनाथ में संपन्न हुई अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप: राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने विजेताओं को किया सम्मानित

Share

- Advertisement -

Baijnath News: बैजनाथ के पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन हो गया है। इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

चैंपियनशिप में प्रदेश भर से आईं 23 टीमों के 132 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि अनुराग शर्मा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अहम जरिया बताया और प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का मजबूत आधार है और प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।

ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं को बनाते हैं आत्मविश्वासी

राज्यसभा सांसद ने कहा कि ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेल युवाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ-साथ उनमें कठिन परिस्थितियों का सामना करने का धैर्य और साहस भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से ज्यादा अनुशासन, खेल भावना और निरंतर अभ्यास मायने रखता है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

चैंपियनशिप के विजेता और उपविजेता परिणाम

समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए:

  • महिला वर्ग: राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ ने प्रथम स्थान, सोलन महाविद्यालय ने द्वितीय स्थान और आरकेएमवी महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
  • पुरुष वर्ग: एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा ने प्रथम स्थान, राजकीय महाविद्यालय संजौली ने द्वितीय स्थान और सोलन महाविद्यालय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसडीएम संकल्प गौतम, प्राचार्य प्रो. उपेंद्र शर्मा, रविंदर राव, पीटीए अध्यक्ष रणजीत राणा, शलभ अवस्थी, सचिन शर्मा, अंकित सूद, मोहिंद्र रिहाल, ऋषभ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News