पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज ट्रैक पर चार साल बाद बहाल हुई ट्रेन सेवाएं, नवरात्र पर यात्रियों को मिला बड़ा तोहफा

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा घाटी के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज रेल सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन एक बार फिर शुरू हो गया है। पहले नवरात्र पर रविवार को रेल प्रशासन ने इस मार्ग पर बंद पड़ी सेवाओं को पुनः बहाल कर दिया।

चार साल से अस्थायी रूप से बंद चल रहे इस नैरोगेज ट्रैक को सभी सुरक्षा जांच के बाद फिट पाया गया है। जम्मू मंडल रेल प्रबंधक के अंतर्गत आने वाले इस ऐतिहासिक रेलमार्ग पर ट्रेन सेवाएं दोबारा शुरू होने से हजारों दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों को काफी सहूलियत मिलने लगी है।

रेलवे द्वारा घोषित समय सारणी के अनुसार पठानकोट से बैजनाथ पपरोला के बीच दो जोड़ी ट्रेनें (52465/52470 और 52467/52474) चलेंगी। बैजनाथ पपरोला से ज्वालामुखी रोड के लिए एक जोड़ी ट्रेन (52464/52469) शुरू की गई है, जिससे मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वहीं बैजनाथ पपरोला से जोगिंदर नगर के बीच (52473/52472) सीधी ट्रेन चलेगी।

बैजनाथ-पपरोला स्टेशन से सुबह आठ बजे जोगेंद्रनगर के लिए पहली ट्रेन रवाना होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे ज्वालामुखी रोड तथा दोपहर 2:15 बजे एवं 3:40 बजे पठानकोट के लिए ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस ऐप से समय की पुष्टि करने का अनुरोध किया है।

कांगड़ा में वर्ष 2022 की भीषण बारिश में इंदौरा में चक्की रेल पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण इस हेरिटेज रेललाइन पर आवाजाही ठप थी। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से चक्की पुल का पुनर्निर्माण पूरा कर अब रेल परिचालन बहाल किया गया है।

अंग्रेजों के जमाने में बने इस 164 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक रेलमार्ग पर करीब 950 छोटे-बड़े पुल और दो सुरंगें स्थित हैं। इस ट्रैक पर न्यूनतम किराया 10 रुपये तथा अधिकतम किराया केवल 35 रुपये तय है। इतने कम खर्च में कांगड़ा घाटी के सुंदर प्राकृतिक दृश्यों का आनंद उठाया जा सकता है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News