पंडोह लाल पुल का निर्माण कार्य हुआ तेज: तीन महीने में पुल तैयार होने की उम्मीद, एक पिलर का काम पूरा

Share

- Advertisement -

Mandi News: पंडोह के ऐतिहासिक लाल पुल का निर्माण कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पुल का एक पिलर कंक्रीट से भरकर खड़ा कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में जल्द आवागमन शुरू होने की उम्मीद जग गई है।

पंडोह का यह ऐतिहासिक लाल पुल वर्ष 2023 में ब्यास नदी में आई भयंकर बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इस पुल के टूटने से द्रंग विधानसभा क्षेत्र के बदार इलाके की एक दर्जन से अधिक पंचायतों के हजारों लोगों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया था। स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 के अंत में पीएमजीएसवाई (PMGSY) के तहत इस पुल के निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया था।

नई डिजाइन और निर्माण में तेजी

वर्ष 2025 में पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ और जुलाई 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, जमीन में भारी-भरकम चट्टानों के मिलने के कारण पिलर की खुदाई का कार्य बार-बार बाधित हो रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही थी। इसके बाद केंद्र सरकार से 18 सितंबर को पुल के नए डिजाइन की स्वीकृति मिली, जिसके बाद निर्माण कार्य ने फिर से गति पकड़ ली है।

तीन महीने में पूरा होगा निर्माण: ठेकेदार

पुल निर्माण कर रहे ठेकेदार विजय कपूर ने बताया कि यदि सब कुछ अनुकूल रहा, तो आगामी तीन महीनों के भीतर इस पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुल का एक किनारा पूरी तरह से तैयार हो चुका है। पंडोह ग्राम पंचायत के उप प्रधान रोहित वर्मा ने निर्माण कार्य में आई तेजी पर संतोष जताते हुए ठेकेदार और संबंधित प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News