Nahan News: जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नेहली धीडा के ग्रामीणों ने पिछले दो वर्षों से हो रहे भूस्खलन और मकानों पर मंडरा रहे खतरे को लेकर एडीसी सिरमौर एकता काप्टा को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता देवी की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित ग्राम सभा की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी सिलसिले में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि नाहन-श्रीरेणुकाजी सड़क पर पिछले दो वर्षों से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे निजी भूमि का भारी कटाव हो रहा है और कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं।
पानी की निकासी न होने से बढ़ रहा है भूकटाव
ज्ञापन में बताया गया है कि भारी बारिश के कारण लिंक रोड के बंद होने और वर्षा के पानी की उचित निकासी न होने के कारण क्षेत्र में लगातार भूकटाव हो रहा है। सड़क से बहकर आने वाला मलबा और पत्थर सीधे ग्रामीणों की निजी जमीनों में जमा हो रहे हैं, जिससे उनकी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है। प्रभावित स्थान के ठीक नीचे चार आवासीय मकान स्थित हैं, जिन पर हर समय खतरा मंडराता रहता है।
विभाग की अनदेखी और ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर वर्ष 2025 में भी लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक से मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए जाएं। साथ ही, राजस्व विभाग के माध्यम से प्रभावित परिवारों की भूमि को हुए नुकसान का आकलन करवाकर उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।