Chamba News: हिमाचल प्रदेश में प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु से शोक की लहर दौड़ गई है। हरियाणा के एक तीर्थयात्री की दिल का दौरा पड़ने से जान चली गई। वहीं पंजाब के एक सेवादार की गौरीकुंड में लंगर सेवा के दौरान अचानक मौत हो गई।
पंजाब के पठानकोट निवासी 51 वर्षीय सुच्चा सिंह पवित्र गौरीकुंड में लंगर सेवा में लगे हुए थे। बुधवार को काम करते समय वे अचानक बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोगों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अब उनके पार्थिव शरीर को गौरीकुंड से नीचे ला रही है।
दूसरी घटना मंगलवार की है, जब हरियाणा के अंबाला निवासी 55 वर्षीय मनमोहन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी श्रद्धालु उन्हें पास के मेडिकल कैंप में ले गए, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं। साथियों ने बताया कि मनमोहन की पूर्व में हार्ट सर्जरी हुई थी और दिल का दौरा पड़ना ही मौत की वजह माना जा रहा है।
इन घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और लंगर कमेटियों के लिए सलाह जारी की है। अधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले संपूर्ण स्वास्थ्य जांच कराने का आग्रह किया है। विशेष रूप से दिल और गंभीर बीमारियों के मरीजों को यात्रा में सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है।