Bharmour News: मणिमहेश यात्रा-2027 के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को एडीएम भरमौर विकास शर्मा के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने हड़सर से यमकुंड तक प्रस्तावित वैकल्पिक पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों के आकलन के बाद समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मणिमहेश यात्रा-2027 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपमंडलीय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा की अगवाई में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और पर्वतारोहण संस्थान केंद्र के अधिकारियों ने हड़सर से यमकुंड तक प्रस्तावित वैकल्पिक पैदल मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया।
संवेदनशील स्थलों और सुधार कार्यों पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान मार्ग की भौगोलिक और तकनीकी परिस्थितियों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने दुर्गम व संवेदनशील स्थलों तथा संभावित जोखिम वाले हिस्सों की पहचान की।
इस दौरान मार्ग के विकास, जरूरी निर्माण और सुधार कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। जल निकासी व्यवस्था, ढलानों को मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही से जुड़े पहलुओं पर भी विचार किया गया।
समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मणिमहेश यात्रा-2027 शुरू होने से पहले प्रस्तावित वैकल्पिक पैदल मार्ग को सुरक्षित और सुचारु बनाया जाए। इसके लिए सभी जरूरी कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना बनाकर उनका समय पर पूरा होना सुनिश्चित किया जाए।
विकास शर्मा ने कहा कि मणिमहेश श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।