Mandi News: जिला मंडी के युवाओं के लिए रोजगार का एक नया द्वार खुलने जा रहा है। सरकार की ओर से ग्रामीण रूटों पर परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई बसें चलाने की योजना तैयार की गई है, जिसके तहत सभी उपमंडलों से 129 नए रूटों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इन रूटों पर अंतिम मुहर लगने के बाद योग्य युवा बसों के संचालन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इलेक्ट्रिक बस पर 50 और डीजल बस पर मिलेगी 30 प्रतिशत सब्सिडी
इस पूरी योजना को रोजगार विभाग के माध्यम से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना में पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक बसों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत इलेक्ट्रिक बस खरीदने पर सरकार की ओर से 50 प्रतिशत तक की भारी-भरकम सब्सिडी दी जाएगी, जबकि डीजल बस लेने पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। बसों की खरीद के बाद नियमानुसार यह सब्सिडी जारी की जाएगी।
जिलास्तरीय कमेटी की बैठक में तय होंगे रूट
सभी उपमंडलों द्वारा उपलब्ध कराई गई 129 ग्रामीण रूटों की सूची को लेकर हाल ही में उपायुक्त के साथ विभागीय अधिकारियों की बैठक हो चुकी है। अब जिलास्तरीय कमेटी की आगामी बैठक में इन रूटों की छंटनी कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और इन्हें आधिकारिक रूप से अधिसूचित किया जाएगा। इसके बाद इच्छुक युवा इन रूटों के लिए आवेदन कर सकेंगे और रूट मिलने के बाद बसें चलाकर आजीविका कमा सकेंगे।
अधिकारियों के बयान
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को नए रूट आवंटित करने की इस योजना को जिलास्तरीय बैठक के बाद जल्द ही अधिसूचित किया जाएगा। वहीं, आरटीओ मंडी नवीन कुमार ने जानकारी दी कि सभी उपमंडलों से फिलहाल 129 रूटों का विवरण प्राप्त हुआ है, जिनकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस योजना के सफल संचालन से ग्रामीण इलाकों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।