नालागढ़ फायरिंग मामले में बद्दी पुलिस को बड़ी सफलता, अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में हाल ही में हुई फायरिंग की विभिन्न वारदातों का खुलासा करते हुए बद्दी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जिससे आगे की पूछताछ जारी है।

अक्टूबर महीने में हुई थीं फायरिंग की तीन घटनाएं

बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने बताया कि अक्टूबर माह के दौरान नालागढ़ क्षेत्र में गोलीबारी की तीन बड़ी वारदातें सामने आई थीं। पहली घटना 14 अक्टूबर की रात बूटा पलासी गांव में हुई, जहां अज्ञात बाइक सवारों ने रणवीर सिंह के घर के बाहर हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद 23 और 24 अक्टूबर की मध्यरात्रि को इसी गांव में मनप्रीत सिंह के घर के बाहर दोबारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस दौरान चार राउंड फायर किए गए, जिनमें से दो गोलियां घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर लगीं।

फायरिंग की तीसरी घटना 25 अक्टूबर को गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई, जहां पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने करीब पांच राउंड फायर किए। लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तुरंत विशेष जांच टीमों का गठन किया था।

तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से धरे गए आरोपी

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 29 अक्टूबर को पुलिस ने चार आरोपियों को धर दबोचा। इनकी पहचान उपकार सिंह (रूपनगर), राजिंदर कुमार (बिलासपुर), देवेंद्र सिंह (आनंदपुर साहिब) और अमृतपाल सिंह (रूपनगर) के रूप में हुई है। इनमें बिलासपुर हिमाचल प्रदेश का है, जबकि अन्य आरोपी पंजाब के रूपनगर और आनंदपुर साहिब से संबंधित हैं।

फिरौती और संगठित गिरोह के एंगल से भी जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर PB 65 BL 9086), एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि इन वारदातों के पीछे फिरौती मांगने की कोई साजिश थी या यह किसी संगठित गिरोह का काम है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News