Mandi News: मंडी जिला के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलघराट के पास बुधवार को एक कार बेकाबू होकर गहरी सुकेती खड्ड में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी कार चालक की जोनल अस्पताल मंडी में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पेश आया। कार सवार व्यक्ति जब पुलघराट के पास स्लाइडिंग प्वाइंट से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो गया। अनियंत्रित कार सड़क से नीचे सीधे गहरी खड्ड में जा समाई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस का दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भारी मशक्कत के बाद घायल चालक को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे बचाने का प्रयास किया मगर वह बच नहीं सका।
मृतक की शिनाख्त उनतालीस वर्षीय मुनीष भाटिया पुत्र संत राम, निवासी सन्यारड़ी डाकघर तल्याहड़ जिला मंडी के रूप में की गई है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और नौ साल का बेटा छोड़ गए हैं। घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जोनल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सदर पुलिस स्टेशन में इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ था।