Kullu News: सप्ताहांत और लगातार छुट्टियों के चलते प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग मनाली पहुंच रहे हैं। मात्र दो दिनों में चार हजार से ज्यादा पर्यटक गाड़ियां शहर में दाखिल हुई हैं।
हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण मनाली में तापमान काफी गिर गया है। सैलानी सुबह-शाम और रात की हल्की ठंड का आनंद ले रहे हैं। रोहतांग दर्रा सहित लाहुल-स्पीति के प्रमुख स्थलों पर बर्फ देखने के लिए पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
वाहनों की अचानक बढ़ी संख्या के कारण मनाली शहर, मनाली-रोहतांग मार्ग और लेफ्ट बैंक मार्ग पर दिनभर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। शनिवार सुबह भी सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। माता हिडिंबा मंदिर, अटल टनल, सोलंगनाला और कोकसर में सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है।
पर्यटकों की आवाजाही से मनाली के होटलों में कमरों की ऑक्यूपेंसी 60 से 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कई छोटे-बड़े होटल पूरी तरह से भर चुके हैं। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि दशहरा पर्व से ठीक पहले पर्यटन कारोबार में आई यह तेजी व्यापारियों के लिए राहत लेकर आई है।
एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने बताया कि भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए खुला है और लोग ऑनलाइन परमिट लेकर वहां जा सकते हैं। आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या और बढ़ने का अनुमान है।