Kullu News: मानसून खत्म होते ही हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की आवाजाही तेजी से बढ़ गई है। दो अक्टूबर के सार्वजनिक अवकाश और लंबे वीकेंड के चलते पर्यटन नगरी मनाली में देश भर से हजारों सैलानी पहुंचे हैं। पर्यटकों के भारी रश की वजह से शहर की सड़कों पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया।
मनाली के एंट्री प्वाइंट से लेकर माल रोड, सोलांग नाला और मशहूर अटल टनल जाने वाले रास्तों पर दिनभर गाड़ियां रेंगती रहीं। चंद किलोमीटर का सफर तय करने में पर्यटकों को कई-कई घंटों का वक्त लगा। रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
पर्यटन कारोबारियों में खुशी, प्रशासन ने दी खास सलाह
सैलानियों की भारी तादाद से स्थानीय होटल मालिक, होमस्टे संचालक, टैक्सी ड्राइवर और दुकानदार काफी खुश हैं। मंदी के बाद अचानक बढ़े कारोबार से ज्यादातर होटल और होमस्टे पूरी तरह पैक हो चुके हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में टूरिस्ट्स की यह आमद और ज्यादा तेज होगी।
पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस ने सभी ड्राइवरों और सैलानियों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। साथ ही जाम से बचने के लिए पीक आवर्स के दौरान अनावश्यक रूप से सड़कों पर न निकलने की सलाह दी गई है।