मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू और बंजार को दी 206 करोड़ की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

Share

- Advertisement -

Kullu News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कुल्लू जिले के कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में 206.32 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से बने एनसीसी हैंगर का भी लोकार्पण किया।

कुल्लू और बंजार में करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सड़क, पुल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पिरड़ी में पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल का भूमि पूजन किया गया। इसके अलावा, मोहल में 7.25 करोड़ रुपये का 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ रुपये का जीआईसी सब-स्टेशन और शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वेलनेस सेंटर की आधारशिला रखी गई।

बंजार विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत कई सड़कों के निर्माण व सुधार कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें धारा-बरसोगी, थेला-जस्ता-परली, बरनगी-मस्यार, सिधवा-गौरीगढ़-थनिचर, देउरी-सुनाड़, बठाड़-शीलश्रृंगाड़, गुशैणी-पेखड़ी से तिंदर गांव और जीभी-रशाला-सरठी सड़कें शामिल हैं। साथ ही, गुशैणी में 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया गया और नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया गया।

भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी हैंगर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की एयर एनसीसी विंग के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को विमानन प्रशिक्षण, सिम्युलेटर आधारित अभ्यास और उड़ान संबंधी गतिविधियों के बेहतर अवसर मिलेंगे। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने विमान मॉडल और अपने द्वारा विकसित ड्रोन भी प्रदर्शित किए।

बजौरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आय के साधन बढ़ाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News