Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद सोमवार सुबह आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन हुए। कई दिनों से बुखार से पीड़ित पठानिया का हाल जानने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अस्पताल पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का स्वास्थ्य बिगड़ गया है और उन्हें इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती किया गया है। वे सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्हें पिछले कई दिनों से बुखार था, लेकिन विधानसभा के शीतकालीन सत्र की व्यस्तताओं के चलते वे समय पर उचित जांच नहीं करवा सके।
सीएम सुक्खू और जयराम ठाकुर पहुंचे हाल जानने
विधानसभा अध्यक्ष का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सोमवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) पहुंचे। दोनों नेताओं ने अस्पताल जाकर कुलदीप पठानिया से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
डिप्टी सीएम ने भी की मुलाकात
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी सोमवार दोपहर बाद आईजीएमसी शिमला पहुंचे और कुलदीप पठानिया से मुलाकात की। उन्होंने भी विधानसभा अध्यक्ष का कुशलक्षेम जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।