किन्नौर के रिकांगपिओ में 10 सालों से अधूरा लटका क्यूआरटी भवन का निर्माण, जवानों को हो रही भारी परेशानी

Share

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भवन का निर्माण पिछले 10 वर्षों से बेहद धीमी गति से चल रहा है। भवन अधूरा रहने की वजह से क्यूआरटी जवानों को अपने रोजाना के कामकाज निपटाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस दो मंजिला भवन का शिलान्यास तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष और वर्तमान कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने 24 अप्रैल 2017 को किया था। गृह रक्षक विभाग ने लोक निर्माण विभाग कल्पा को निर्माण के लिए 1 करोड़ 1 लाख 89 हजार रुपये जमा कराए हैं। विभाग ने 2016 और 2017 में दो किस्तों में बजट दिया था।

भवन में जवानों के लिए ड्यूटी रूम, गाड़ी गैरेज, आपदा प्रबंधन उपकरणों का स्टोर और शौचालय बनने हैं। निर्माण में लगातार देरी होने से लागत बढ़ने की भी संभावना बनी हुई है। किन्नौर के दुर्गम इलाकों में क्यूआरटी जवानों को साल भर 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं देनी पड़ती हैं।

आपदा, सड़क हादसे, बाढ़ और पर्यटकों के रेस्क्यू में ये जवान हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निर्माण में लगे मिस्त्रियों के अनुसार पहली मंजिल का 1740 वर्गफुट का लेंटर 16 सितंबर को डाला गया है। अब छत, दीवार, प्लास्टर और रंग-रोगन का काम पूरा होने में दो से ढाई महीने लगेंगे।

होमगार्ड इंचार्ज सुरेंद्र कुमार चौहान ने माना कि देरी से विभाग को काम में परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रणबीर सिंह ने आश्वासन दिया है कि भवन का निर्माण कार्य अगले ढाई महीने में पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा, जिसके बाद इसे जवानों को सौंप दिया जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News