Kangra News: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शिकागो का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन रद्द कर बोह घाटी पहुंचे। उन्होंने बादल फटने से प्रभावित सपेड़ा और घुड़घुं गांव का दौरा किया। पठानिया ने प्रभावित परिवारों के घरों का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनकर फौरी राहत राशि बांटी।
अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के सख्त निर्देश
केवल सिंह पठानिया ने सभी विभागों के अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को प्रभावितों की जमीन, घरों, पशुओं और फसलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सौंपने को कहा गया है। इससे सभी पीड़ित परिवारों को उचित सहायता और मुआवजा राशि दी जा सकेगी।
इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठहरे परिवारों के लिए भोजन, स्वास्थ्य और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को राहत शिविर में किसी भी तरह की कमी न रहने देने और समय पर सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया।
प्रभावितों को बांटी आर्थिक सहायता और जरूरत की किट
विधायक ने घर-घर जाकर पीड़ितों का हाल जाना और कहा कि कठिन समय में राज्य सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने 19 प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की नकद राशि और राहत किट बांटी। वहीं 17 अन्य परिवारों को 10-10 हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की गई।
पठानिया ने बताया कि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आपदा प्रभावितों के लिए 25 लाख रुपये दिए हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि वह अगले 24 घंटे के भीतर अपनी ओर से हर पीड़ित परिवार को कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराएंगे ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो।