Himachal Pradesh News: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना से जुड़े कथित बयान के विरोध में भाजपा और युवा मोर्चा ने शिमला, मंडी और ऊना में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुतले जलाए। शिमला और ऊना में पुतला दहन व आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान हुई।
हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान के विरोध में मंगलवार को भाजपा और युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान शिमला, मंडी और ऊना में मंत्री का पुतला जलाया गया।
शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की।
भाजपा युवा मोर्चा का बयान और आरोप
भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान जगत सिंह नेगी ने भारतीय सेना को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने कहा कि राफेल ने कुछ नहीं किया और भारतीय सेना के छक्के छुड़ाए गए।
सुशील कड़शोली ने सवाल उठाया कि जगत सिंह नेगी हिमाचल प्रदेश के मंत्री हैं या पाकिस्तान की किसी असेंबली में बैठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों की भूमि है और सैनिकों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कड़शोली ने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंत्री को संरक्षण दे रहे हैं। उनके अनुसार मुख्यमंत्री को इस बयान पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए जगत सिंह नेगी को ऐसी बयानबाजी से रोकना चाहिए था।
ऊना में पुतला दहन और पुलिस से खींचतान
ऊना में प्रदर्शन और पुतला दहन को लेकर पुलिस और युवा भाजपा नेताओं के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने के लिए पहले से सुरक्षा प्रबंध किए थे और मौके पर पुलिस टीम तैनात की थी। हालांकि, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रणनीति के तहत पुलिस को चकमा देते हुए पुतला जला दिया।
रोटरी चौक ऊना के पास हुए प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पहले स्थानीय रोटरी चौक के साथ लगती गली में पुतले को आग लगाई और फिर उसे लेकर चौक की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
पुतले को कब्जे में लेने और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस कर्मियों तथा युवा नेताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और खींचतान चलती रही। पुलिस पुतले को चौक तक पहुंचने से रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन कार्यकर्ता पुतले को रोटरी चौक तक ले जाने में सफल रहे और वहां पुतला दहन किया।
इस प्रदर्शन में युवा मोर्चा के विनय शर्मा, उमंग ठाकुर और रजत राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने मंत्री के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और सेना के जवानों के सम्मान व स्वाभिमान के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक चैतन्य भी उपस्थित रहे।