हिमाचल में बढ़ी ठंड, 2 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी नहीं; कई शहरों की रात शिमला से सर्द

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच ठंड बढ़ रही है और 2 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं है। लाहौल स्पीति के ताबो में पारा माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जबकि निचले इलाकों की रातें शिमला से भी सर्द रही हैं। बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी है।

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के निचले इलाकों में रातें राजधानी शिमला से भी ज्यादा सर्द हो गई हैं, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहने के कारण झरनों, नालों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमने लगा है।

मौसम विभाग ने 2 दिसंबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना से इनकार किया है। इस बीच 29 नवंबर तक बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को बिलासपुर में सुबह दृश्यता घटकर 150 मीटर और मंडी में 400 मीटर रह गई।

घने कोहरे की चेतावनी और दिन का मौसम

प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गुरुवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे दिन में ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और रात के समय सर्दी अधिक रही। मैदानी क्षेत्रों में सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई।

मौसम विभाग ने बिलासपुर के भाखड़ा बांध जलाशय के किनारों, हमीरपुर के सुजानपुर टिहरा और आसपास के क्षेत्रों तथा मंडी की बलह घाटी में 27, 28 और 29 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी दी है। इन इलाकों में सुबह वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

जनजातीय क्षेत्रों में जमे झरने व प्राकृतिक जलस्रोत

ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। गुरुवार को लाहौल स्पीति जिले के तीन जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। इनमें ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां पारा माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में झरनों, नालों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमने लगा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। प्रदेश के नौ शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, जिनमें पालमपुर में सामान्य से 3.0 डिग्री, नाहन में 2.6 डिग्री, मंडी में 2.4 डिग्री, चंबा में 1.9 डिग्री, सुंदरनगर और भुंतर में 1.3-1.3 डिग्री, सोलन में 1.1 डिग्री, बिलासपुर में 1.0 डिग्री और कांगड़ा में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

सुंदरनगर की रात शिमला से 5.4 डिग्री ज्यादा सर्द

निचले इलाकों में कई शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला से कम रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में यह 3.6 डिग्री रहा, जिससे सुंदरनगर की रात शिमला के मुकाबले 5.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा ठंडी रही।

मंडी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहने से वहां की रात शिमला से 3.8 डिग्री ज्यादा सर्द रही। इसी तरह ऊना में 7.4 डिग्री, बिलासपुर में 7.5 डिग्री और कांगड़ा में 7.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो शिमला के मुकाबले क्रमशः 1.6, 1.5 और 1.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा ठंडे रहे।

ताबो सबसे ठंडा, पांवटा साहिब में सबसे अधिक तापमान

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो बजौरा में 2.0 डिग्री, भुंतर में 2.4 डिग्री, सियोबाग में 2.5 डिग्री, सुंदरनगर और सोलन में 3.6-3.6 डिग्री, कल्पा में 3.8 डिग्री और मनाली में 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा चंबा में 4.8 डिग्री, मंडी में 5.2 डिग्री, पालमपुर में 5.5 डिग्री, बरठीं में 6.2 डिग्री, कुफरी में 6.9 डिग्री, ऊना में 7.4 डिग्री, बिलासपुर में 7.5 डिग्री, कांगड़ा में 7.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 8.5 डिग्री, शिमला और देहरा गोपीपुर में 9.0-9.0 डिग्री, नाहन में 9.7 डिग्री, सराहन में 11.1 डिग्री, धर्मशाला में 11.3 डिग्री, नेरी में 11.5 डिग्री और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 14.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News