बिना फ्रिज के ऑफ सीजन में कैसे सहेजी जाती हैं पहाड़ी सब्जियां, जानें पारंपरिक तरीके

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: पहाड़ी इलाकों में मौसम के अनुसार उगने वाली ऑर्गेनिक सब्जियों को ऑफ सीजन में भी इस्तेमाल करने के लिए बिना फ्रिज के पारंपरिक तरीके अपनाए जाते हैं। हिमाचल प्रदेश की कंटेंट क्रिएटर नेहा शर्मा ने वीडियो के जरिए टमाटर सुखाने, भंडारघर, रेत में दबाने और चूल्हे के धुएं से सब्जियां सुरक्षित रखने के तरीके बताए हैं।

पहाड़ी इलाकों में मौसम के अनुसार ऑर्गेनिक सब्जियां उगाई जाती हैं, लेकिन ऑफ सीजन में भी इनका स्वाद लेने के लिए लोग बिना फ्रिज के खास पारंपरिक तरीके अपनाते हैं। गर्मी और मानसून में लौकी, कद्दू, खीरा, ककड़ी, करेला, बैंगन और भिंडी उगाई जाती हैं। वहीं सर्दियों और पतझड़ में मूली, गाजर, आलू, अरबी, साग, पालक, मेथी, धनिया, मटर, फूलगोभी और प्याज जैसी सब्जियां खास होती हैं।

सब्जियों को काटकर सुखाने का तरीका

हिमाचल प्रदेश के गांव की जीवनशैली दिखाने वाली कंटेंट क्रिएटर नेहा शर्मा ने अपने लेटेस्ट वीडियो में सब्जियां बचाने के इस पारंपरिक तरीके के बारे में बताया है। उन्होंने कहा, “अभी टमाटर का सीजन खत्म होने वाला है। इससे पहले हम खेतों से सभी बचे टमाटर तोड़कर घर ले आते हैं। फिर उन्हें काटकर सूखने के लिए छत पर रख देते हैं। उसके ऊपर थोड़ा सा नमक छिड़क देते हैं। जब वे पूरी तरह से सूख जाते हैं, तब हम उन्हें आसानी से स्टोर कर देते हैं। इस तरीके से वे खराब नहीं होते और ऑफ सीजन में भी इस्तेमाल किए जाते हैं।”

भंडारघर और रेत से कैसे रखते हैं सब्जियां

पहाड़ी इलाकों में कई घरों के नीचे प्राकृतिक रूप से ठंडे कमरे बने होते हैं, जिन्हें भंडारघर कहा जाता है। इन कमरों में सब्जियां रखी जाती हैं। यहां ठंडक और हवा की अच्छी व्यवस्था होने से सब्जियां खराब नहीं होती हैं।

जिन घरों में ऐसे कमरे नहीं होते, वहां सब्जियों को बचाने के लिए रेत का उपयोग किया जाता है। लोग गड्ढा खोदकर गाजर, मूली और आलू जैसी सब्जियां रेत में दबा देते हैं। रेत नमी को संतुलित रखती है, जिससे सब्जियां दो से तीन महीने तक ताजी बनी रहती हैं।

लकड़ी के चूल्हे के धुएं का इस्तेमाल

इन तरीकों के अलावा कई पहाड़ी घरों में लकड़ी के चूल्हे के ऊपर धुएं वाली जगह पर सब्जियां सुखाने का तरीका भी अपनाया जाता है। इससे सब्जियां लंबे समय तक सुरक्षित रहती हैं। यह तरीका खासतौर पर मांस, पत्तेदार सब्जियों और कुछ जड़ वाली सब्जियों के लिए प्रचलित है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News