हिमाचल में तकनीकी युवाओं के लिए शुरू हुआ ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल, जानें कैसे मिलेगा युवाओं को नौकरी का मौका

Share

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह पोर्टल युवाओं, शिक्षण संस्थानों और कंपनियों को एक साथ लाकर नौकरी पाने की प्रक्रिया को आसान बनाएगा।

राज्य सरकार का मुख्य फोकस युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार देने पर है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह नया पोर्टल छात्रों और कंपनियों के बीच एक मजबूत पुल की तरह काम करेगा। इसके जरिए युवाओं को उनकी योग्यता के हिसाब से सही नौकरी पाने के बेहतर अवसर मिलेंगे। पूरी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और प्रोफाइल बनाने की पूरी प्रक्रिया

इस पोर्टल पर छात्र अपनी पूरी प्रोफाइल बनाकर योग्यता, कौशल, ट्रेनिंग और प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं। वे उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देखने के साथ ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। वहीं दूसरी तरफ कंपनियां रजिस्ट्रेशन करके खाली पदों की जानकारी साझा करेंगी। वे सही उम्मीदवारों का चयन करके नियुक्ति का विवरण विभाग को भेज सकेंगी।

फिलहाल इस पोर्टल से 164 तकनीकी संस्थान जुड़ चुके हैं। इनमें 136 आईटीआई, 18 पॉलिटेक्निक, 5 इंजीनियरिंग कॉलेज और 5 फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं। हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के जरिए अब तक 26,168 छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इनमें से 23,054 छात्रों की स्किल मैपिंग पूरी हो गई है और 97 कंपनियां भी इससे जुड़ी हैं।

कुशल कारीगरों को भी अल्पकालिक काम के मिलेंगे अवसर

इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर जैसे कुशल कारीगर भी उठा सकेंगे। वे भी पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जिससे लोगों को छोटे समय के कामों के लिए कारीगर आसानी से मिल जाएंगे। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से युवाओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार मिल सकेगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News