हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने कर्जदारों के लिए शुरू कीं 3 नई वन टाइम सेटलमेंट स्कीमें

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने कर्जदारों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने अगले 6 महीनों के लिए 3 नई वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) स्कीम शुरू करने का ऐलान किया है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों किसानों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ मिलेगा।

3 लाख तक लोन वाले किसानों को 50 फीसद ब्याज माफी

बैंक अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह कदम किसानों को राहत देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। मुख्यमंत्री कृषि ऋण राहत योजना के तहत 3 लाख रुपये तक का कृषि लोन लेने वाले किसानों को ब्याज में 50 फीसद की छूट दी जाएगी।

बैंक अध्यक्ष ने जानकारी दी कि इस ब्याज माफी योजना का फायदा राज्य के 6,319 किसानों को मिलेगा। यह योजना आज से अगले छह महीने तक लागू रहेगी। इसके अलावा बैंक का स्टाफ खुद घर-घर जाकर लोगों को इन सभी योजनाओं की पूरी जानकारी देगा ताकि वे इसका लाभ उठा सकें।

पुराने एनपीए लोन खातों पर मिलेगी 25 फीसद छूट

साल 2016 तक के पुराने एनपीए खातों के लिए ओटीएस स्कीम के तहत ब्याज में 25 फीसद की राहत दी जाएगी। ऐसे लोन खाते जिनकी प्रोविजनिंग बैंक नाबार्ड को कर चुका है, वे भी इस छूट के दायरे में आएंगे। बैंक का मुख्य लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोन सेटलमेंट करना है।

संजय चौहान ने बताया कि 10 साल से घाटे में चल रहा बैंक पिछले तीन वर्षों में फिर से मुनाफे में आ गया है। पिछले साल सरकार ने 400 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद दी थी। बेहतर ट्रांसफर पॉलिसी, कर्मचारियों के प्रमोशन और सख्त रिकवरी से बैंक की वित्तीय स्थिति काफी सुधरी है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News