Shimla News: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने मिशन 2027 के तहत संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। विधानसभा चुनाव से लगभग 14 महीने पहले पार्टी ने सांगठनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। संगठन को जिला स्तर से निकालकर सीधे ब्लॉक, पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
ब्लॉक और पंचायत स्तर पर 18 विभागों की नई कमेटियां
पार्टी की गतिविधियां पहले जिला और ब्लॉक स्तर तक सीमित थीं, लेकिन अब इसे वर्ग और मुद्दों के आधार पर बांटा जा रहा है। हर जिले और ब्लॉक में कांग्रेस सेवादल, किसान सेल, पंचायतीराज, इंटरनेट मीडिया, व्यापार सेल और अनुसूचित जाति समेत 18 विभागों की अलग-अलग कमेटियां गठित की जा रही हैं।
इस नई योजना के जरिए पार्टी प्रत्येक ब्लॉक में 500 से 600 सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज तैयार करेगी। इसके साथ ही पंचायत अध्यक्षों और पृष्ठ प्रभारियों की नियुक्तियां भी की जा रही हैं। कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य विभिन्न सामाजिक और पेशेवर वर्गों तक सीधे पहुंचकर चुनावी जमीन को पुख्ता करना है।
कार्यकर्ताओं के कामकाज की होगी हर तीन महीने में समीक्षा
इस सांगठनिक बदलाव का मुख्य उद्देश्य किसानों, कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों और व्यापारियों जैसे वर्गों के बीच मौजूदगी बढ़ाना है। हर ब्लॉक में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर स्थानीय मुद्दों और राजनीतिक गतिविधियों की सीधी रिपोर्ट ली जाएगी। कमजोर कड़ियों की पहचान कर चुनाव से पहले उन्हें दुरुस्त किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव संगठन विनोद जिंटा ने बताया कि धरातल पर संगठन मजबूत करने के लिए नए प्रयोग शुरू किए गए हैं। सभी नियुक्त पदाधिकारियों के कामकाज की हर तीन महीने में समीक्षा होगी। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल 25 और 26 तारीख को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर मंथन करेंगी।