हिमाचल के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए 3100 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी, 30 हजार मिलेगा मानदेय

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई (CBSE) पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई को सुदृढ़ बनाने के लिए सुक्खू सरकार ने दूसरे चरण में 3100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इन शिक्षकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा, जिनका चयन प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

विषयवार शिक्षकों के पदों का विवरण

सरकार द्वारा स्वीकृत कुल पदों में अंग्रेजी और गणित के 600 शिक्षक शामिल हैं, जबकि अन्य 14 विषयों के लिए 2500 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

उपयोजना के तहत अंग्रेजी के 240 और गणित के 360 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, निश्चित मानदेय और एकमुश्त समेकित राशि के आधार पर भरे जाने वाले 2500 पदों में हिंदी के 240, राजनीति विज्ञान के 199, इतिहास के 199, अर्थशास्त्र के 202, भौतिक विज्ञान के 120, रसायन विज्ञान के 120, जीव विज्ञान के 240, संस्कृत के 240, कंप्यूटर के 120, संगीत के 120, वाणिज्य के 240, शारीरिक शिक्षा के 240 और ललित कला के 220 शिक्षक शामिल हैं।

चयन प्रक्रिया और योग्यता

इन सभी शिक्षकों का चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता और मानकों को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने अंग्रेजी और गणित के शिक्षक पदों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को भी अनिवार्य योग्यता बना दिया है।

छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार शैक्षणिक आधारभूत ढांचे, शिक्षण मानकों और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास और भविष्य की चुनौतियों से निपटने में उन्हें सक्षम बनाने के उद्देश्य से सरकारी स्कूलों को लगातार सशक्त किया जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News