Hamirpur News: हमीरपुर जिले के सुजानपुर शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद सख्त नजर आ रही है। सिविल अस्पताल के बाहर और वन-वे सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़ी बंद रेहड़ियों पर नगर परिषद ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है।
नगर परिषद की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से इन अवैध रेहड़ियों को मौके पर ही तोड़कर वहां से हटा दिया। सिविल अस्पताल के बाहर स्ट्रीट वेंडरों के लिए तय स्थानों पर कुछ लोगों ने लंबे समय से बंद रेहड़ियां खड़ी कर कब्जा किया हुआ था।
नोटिस को अनसुना करने पर जेसीबी से हुई कार्रवाई
नगर परिषद ने रेहड़ी मालिकों को इन्हें हटाने के लिए पहले नोटिस जारी किए थे, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद सुजानपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा के निर्देशों पर टीम ने जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
नगर परिषद ने शहर में स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित करने के लिए एक नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत वेंडरों के लिए 18 स्थान तय किए गए हैं। प्रत्येक रेहड़ी के लिए सफेद पट्टी लगाकर 6 बाई 6 फुट की जगह चिह्नित कर दी गई है।
फीस देने वालों को ही मिलेगी जगह, ईओ ने दी चेतावनी
पैदल चलने वाले लोगों और मरीजों की सुविधा के लिए हर 2 रेहड़ियों के बीच करीब ढाई फुट का रास्ता भी छोड़ा गया है। नगर परिषद के ईओ हर्षित शर्मा ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में केवल उन्हीं दुकानदारों को अनुमति मिलेगी, जो निर्धारित फीस देंगे।
ईओ ने सख्त चेतावनी दी है कि पर्ची कटवाने वाले वेंडरों को ही तय जगह आवंटित की जाएगी। किसी भी स्थान पर अवैध रेहड़ी स्थापित नहीं होने दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर परिषद कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।