धर्मपुर में एनएच निर्माण की लापरवाही से फौजी का मकान क्षतिग्रस्त, विधायक धरने पर बैठे

Share

- Advertisement -

Mandi News: मंडी-कोटली-धर्मपुर-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण धर्मपुर के कुम्हारडा गांव में एक फौजी का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों के साथ विधायक चंद्रशेखर धरने पर बैठ गए, जबकि पुलिस ने सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हिमाचल प्रदेश में मंडी-कोटली-धर्मपुर-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही एक फौजी और उसके स्वजनों पर भारी पड़ी है। धर्मपुर उपमंडल के कुम्हारडा गांव में निर्माण कंपनी की अनदेखी से फौजी आशीष कुमार पुत्र बिहारी लाल का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान का एक कोना अचानक ढहने और पूरे भवन में दरारें आने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।

यह स्थिति इसलिए और गंभीर मानी जा रही है क्योंकि फौजी का मकान राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्धारित अलाइनमेंट से बाहर है। इसके बावजूद संबंधित सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से मकान के ठीक नीचे बिना किसी सुरक्षा उपाय के कटिंग की जा रही थी।

छह माह से सुरक्षा दीवार की मांग और ग्रामीणों का आक्रोश

पीड़ित परिवार और ग्रामीण छह माह से मकान के नीचे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को जमीन धंसने से मकान का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया और शेष भवन भी रहने लायक नहीं रहा।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में निर्माण कंपनी के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क निर्माण की आड़ में किसी की जीवनभर की पूंजी और जान को दांव पर नहीं लगाया जा सकता।

विधायक धरने पर बैठे, केस दर्ज और मुआवजे का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर भी प्रभावितों के समर्थन में ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर धर्मपुर पुलिस थाना में सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। विधायक के धरने के बाद प्रशासन की ओर से एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने तथा नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News