Bilaspur News: बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल विवाह बंधन में बंध रहे हैं। आश्रम में हुई मुलाकात के बाद दोनों ने जीवन की नई शुरुआत का फैसला किया और विवाह के बाद नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में रहेंगे।
जिंदगी के सफर में जब अपनों का साथ छूट गया, तो दो अनजान चेहरों को एक-दूसरे में अपना हमसफर मिल गया। 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
जिला बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में बुधवार को यह विवाह समारोह शुरू हुआ। शादी के जोड़े में 63 वर्षीय सबीना और शेरवानी पहने कन्हैया लाल की जोड़ी को देखकर आश्रम के अन्य सदस्यों के चेहरों पर भी मुस्कान आई। सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं, जबकि कन्हैया लाल मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र से संबंध रखते हैं।
अपना घर वृद्धाश्रम दयोली की ओर से इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जिला बिलासपुर की उपायुक्त किरण भड़ाना और जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल सहित अन्य स्थानीय लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। आश्रम प्रबंधन को उम्मीद है कि इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए समारोह में शामिल हुए हैं।
भाइयों ने कर दिया था बेदखल
कन्हैया लाल करीब चार वर्ष पहले तक अपने गांव में खेतीबाड़ी करके जीवनयापन करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन बाद में भाइयों ने ही उन्हें घर से बेदखल कर दिया।
अपनों से मिले इस आघात के चलते उनकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित हुई और वह जंगल में एक गुफा में रहने लगे। इसके बाद उन्हें रेस्क्यू कर दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचाया गया।
कोलकाता से हिमाचल घूमने आई थीं सबीना
कोलकाता निवासी सबीना हिमाचल प्रदेश घूमने आई थीं और मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा पहुंचाया था।
कुछ समय वहां रहने के बाद उन्हें बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया गया। यहीं दोनों की मुलाकात हुई और अब दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का निर्णय लिया है। विवाह के बाद सबीना और कन्हैया लाल नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में अपनी नई जिंदगी शुरू करेंगे।