Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सेब के विकल्प के तौर पर एवोकाडो की खेती उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं दे पाई है। पाले, जमावबिंदु से नीचे तापमान और नमी की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है। अब बागवानी विभाग का ध्यान ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों पर केंद्रित है।
हिमाचल प्रदेश में बागवानों की आय बढ़ाने के लिए सेब के विकल्प के तौर पर महंगे विदेशी फलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। बाजार में 60 से 80 रुपये प्रति फल की कीमत और अच्छी मांग के बावजूद एवोकाडो प्रदेश में उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं दे पाया है। अब बागवानी विभाग का जोर ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसे उच्च मूल्य वाले फलों के उत्पादन पर रहेगा।
एवोकाडो की खेती के लिए 800 से 1,600 मीटर तक की ऊंचाई, 12 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और सालाना 700 से 2,000 मिलीमीटर वर्षा को उपयुक्त बताया गया है। हालांकि, प्रदेश में सर्दियों के दौरान पड़ने वाला पाला, जमावबिंदु से नीचे जाने वाला तापमान और गर्मियों में नमी की कमी इसकी खेती के सामने बड़ी चुनौती बन रही है।
अनुसंधान केंद्रों में प्रयोग और चुनौतियां
एवोकाडो के पौधे गर्म और उपोष्णकटिबंधीय नम जलवायु में बेहतर फल देते हैं। तेज गर्म और शुष्क हवाओं के साथ पाले से पौधों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। डॉ. वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी ने एवोकाडो की खेती के लिए एडहॉक पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज जारी किया है, जिसमें हिमाचल के उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में व्यावसायिक खेती की संभावनाएं बताई गई हैं।
विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं में एवोकाडो पर काम चल रहा है, लेकिन वहां सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं। रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2023 से 2026 तक एवोकाडो सहित कई उच्च मूल्य वाले फलों को बढ़ावा देने के लिए 32 लाख रुपये का प्रोजेक्ट संचालित है। इसके अलावा वर्ष 2025-26 में मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में एवोकाडो के प्रदर्शन परीक्षण के लिए पांच लाख रुपये का अलग प्रोजेक्ट स्वीकृत किया गया है।
हमीरपुर के नेरी स्थित बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय में भी एवोकाडो के पौधों पर प्रयोग किए गए। वर्ष 2023 में संस्थान ने किसानों को फील्ड ट्रायल के लिए 700 से अधिक पौधे वितरित किए, लेकिन इसके भी सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए।
ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट से नई उम्मीद
अब सरकार का जोर ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने पर है। ब्लूबेरी के लिए हिमाचल के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में इसकी विभिन्न किस्मों पर परीक्षण किए गए हैं, जिनमें ज्वेल, मिस्ट्री, शार्पब्लू और गल्फकोस्ट किस्मों ने अच्छे परिणाम दिए हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षणों में कुछ किस्मों से प्रति पौधा दो से चार किलोग्राम तक उत्पादन दर्ज किया गया है। कुल्लू स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में भी ब्लूबेरी की किस्मों का मूल्यांकन और खेती की तकनीक विकसित करने का कार्य जारी है।
ड्रैगन फ्रूट के लिए अपेक्षाकृत गर्म जलवायु वाले निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्र अधिक संभावनाशील हैं। इसकी खेती के लिए जल निकासी, सिंचाई और सहारे की उचित व्यवस्था आवश्यक होगी। वहीं, एचपी शिवा परियोजना के तहत एवोकाडो, ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसे विदेशी फलों के लिए नए किसान क्लस्टर बनाने की व्यवस्था भी की गई है।