मणिमहेश में ताजा बर्फबारी के बाद यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, राधाष्टमी स्नान से पहले प्रशासन सख्त

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मौसम के कड़े रुख के कारण पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। डल झील और गौरीकुंड सहित ऊपरी इलाकों में करीब तीन इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। ठंड और फिसलन बढ़ने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है।

श्री मणिमहेश यात्रा प्रबंधन समिति भरमौर के अध्यक्ष ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने हड़सर से धनछो और उससे आगे के ऊपरी पड़ावों पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यात्रियों को मैहला के पास भी रोका गया है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले।

पथरीले ट्रैक पर फिसलन बढ़ने से जान-माल का भारी जोखिम

आधिकारिक आदेश के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस वजह से 13 किलोमीटर लंबे पथरीले ट्रैक पर जोखिम कई गुना बढ़ गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर तैनात सेक्टर अधिकारियों, पुलिस जवानों, होमगार्ड और स्वयंसेवकों को आदेशों की कड़ी पालना कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मणिमहेश यात्रा का मुख्य पड़ाव राधाष्टमी का शाही स्नान 19 सितंबर को होना तय है। इससे पहले 17 और 18 सितंबर को पारंपरिक रस्में और शिव चेलों की यात्रा आयोजित होनी हैं। हजारों श्रद्धालु डल झील की तरफ बढ़ रहे थे, जिन्हें अब सुरक्षित पड़ावों पर रोक दिया गया है। हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा फिर शुरू होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News