Shimla News: चौपाल उपमंडल के ग्राम पबास स्थित प्रसिद्ध बिजाट महाराज मंदिर में लाखों रुपये के सोने के आभूषणों के गबन का मामला सामने आया है। मंदिर की संपत्ति की जिम्मेदारी संभाल रहे भंडारी पर करीब 8 से 10 लाख के गहने हड़पने का आरोप है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौपाल पुलिस ने आरोपी देवेंद्र सिंह निवासी ग्राम टियारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुजारियों ने संयुक्त रूप से पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी।
चाबियों की अभिरक्षा का गलत फायदा उठाकर गहने हड़पने का आरोप
शिकायत के अनुसार आरोपी देवेंद्र सिंह मंदिर में भंडारी के रूप में काम करता था। आस्था के चलते उसे मंदिर की चाबियां और संपत्ति की देखरेख सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने इस भरोसे का गलत फायदा उठाकर आभूषणों का गबन किया।
चौपाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ करने और गबन किए गए सोने के आभूषणों को जल्द से जल्द बरामद करने के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।