बिलासपुर के आर्यव्रत शर्मा ने एक ओवर में लगाए छह छक्के, 138 रन की कप्तान पारी खेली

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: लखनऊ में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कप्तान आर्यव्रत शर्मा ने गीता यूनिवर्सिटी के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के लगाकर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 138 रन की पारी खेली, जिससे एचपीयू ने 20 ओवर में 251 रन बनाए। आर्यव्रत बिलासपुर के पीजी कॉलेज के छात्र हैं।

हिमाचल प्रदेश के युवा क्रिकेटर और बिलासपुर निवासी आर्यव्रत शर्मा ने लखनऊ में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला का प्रतिनिधित्व करते हुए आर्यव्रत ने गीता यूनिवर्सिटी के खिलाफ एक ही ओवर में लगातार छह छक्के लगाए।

इसके साथ ही वह इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट के इतिहास में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस पारी से बिलासपुर जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में चर्चा है।

138 रन की कप्तानी पारी, 251 तक पहुंचा स्कोर

एचपीयू की कप्तानी कर रहे आर्यव्रत शर्मा ने गीता यूनिवर्सिटी के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 138 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और 13 छक्के लगाए। एक ही ओवर की सभी छह गेंदों को छक्के के लिए सीमा रेखा के पार पहुंचाना उनकी पारी का खास हिस्सा रहा।

आर्यव्रत की इस बल्लेबाजी के दम पर एचपीयू ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 251 रन का स्कोर खड़ा किया।

17 वर्ष की मेहनत और बिलासपुर से जुड़ाव

आर्यव्रत शर्मा की इस उपलब्धि के पीछे करीब 17 वर्षों का अभ्यास, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण बताया गया है। वह भारतीय क्रिकेट के कई प्रारूपों में खेल चुके हैं। पिछले वर्ष उनका चयन भारतीय विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम में हुआ था, जिसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में हुए मुकाबलों में भी हिस्सा लिया था।

आर्यव्रत की शुरुआती पढ़ाई बिलासपुर के स्कूलों में हुई और वर्तमान में वह पीजी कॉलेज बिलासपुर से पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। उनके पिता राजन शर्मा जल शक्ति विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर (ड्राइंग विंग) के पद पर कार्यरत हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News