केवल फेफड़े ही नहीं, मेटाबॉलिज्म और दिमाग को भी खोखला कर रहा वायु प्रदूषण; लैंसेट और FICCI की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Share

- Advertisement -

National News: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के प्रमुख शहरों में गहराता वायु प्रदूषण अब केवल सांस और फेफड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के मेटाबॉलिज्म, हृदय और मस्तिष्क को भी गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, हवा में मौजूद सूक्ष्म कण (PM2.5) रक्तप्रवाह में घुलकर इंसुलिन रेजिस्टेंस, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और बच्चों के मानसिक विकास पर गहरा असर डाल रहे हैं।

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता लगातार चिंताजनक बनी हुई है। लैंसेट प्लैनेटरी हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदूषित हवा के लंबे समय तक संपर्क में रहने से भारत में हर साल लगभग 1.5 मिलियन (15 लाख) मौतें दर्ज की जाती हैं। वहीं, फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक यह आंकड़ा सालाना करीब 20 लाख (2 मिलियन) मौतों तक पहुंच चुका है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, इस खतरे की मुख्य वजह हवा में मौजूद 2.5 माइक्रोमीटर से छोटे कण (PM2.5) हैं, जो सांस के जरिए फेफड़ों की गहराई तक पहुंचकर सीधे रक्त में मिल जाते हैं।

फेफड़ों से रक्त तक: शरीर के अंगों पर असर

आमतौर पर वायु प्रदूषण के लक्षणों में खांसी, सांस लेने में तकलीफ और अस्थमा का बढ़ना देखा जाता है, लेकिन इसके दूरगामी प्रभाव कहीं अधिक घातक हैं। जब PM2.5 जैसे अत्यंत सूक्ष्म कण रक्त में घुलते हैं, तो वे शरीर के विभिन्न ऊतकों और अंगों तक पहुंचते हैं। इससे शरीर में:

  • ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ता है।
  • आंतरिक अंगों में इन्फ्लेमेशन (सूजन) पैदा होती है।
  • कोशिकाओं का माइटोकॉन्ड्रियल फंक्शन प्रभावित होता है।
  • इंसुलिन सिग्नलिंग बाधित होती है, जिससे शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ जाता है।

मैक्स हेल्थ केयर के प्रमुख एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. अम्बरीश मिठल के अनुसार, लोगों में यह आम धारणा है कि प्रदूषण का असर सिर्फ दिल और फेफड़ों तक रहता है, जबकि यह मेटाबॉलिज्म को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। इससे ब्लड शुगर स्तर, शरीर का वजन, इंसुलिन का स्राव (secretion) और उसकी कार्यप्रणाली असंतुलित हो रही है, जिससे डायबिटीज और अन्य मेटाबॉलिक डिसऑर्डर का खतरा बढ़ रहा है।

मानसिक विकास और गर्भावस्था पर प्रतिकूल प्रभाव

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी माना है कि खराब एयर क्वालिटी की वजह से कार्डियोवस्कुलर रोग, मेटाबॉलिक डिसऑर्डर, श्वसन तंत्र की गंभीर बीमारियां और कैंसर जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

विभिन्न अध्ययनों और मेडिकल रिसर्च में सामने आया है कि लगातार जहरीली हवा में सांस लेने से:

  • बच्चों के मस्तिष्क पर असर: सूक्ष्म कण सेंट्रल नर्वस सिस्टम में इन्फ्लेमेशन ट्रिगर करते हैं, जिससे बच्चों के सीखने, पढ़ने और ध्यान केंद्रित करने (अटेंशन) की क्षमता प्रभावित होती है।
  • गर्भावस्था और नवजात शिशु: दूषित हवा के संपर्क में रहने वाली गर्भवती महिलाओं में प्री-टर्म डिलीवरी (समय से पहले प्रसव) और नवजात शिशु का वजन सामान्य से कम (लो बर्थ वेट) होने का जोखिम काफी बढ़ जाता है।
Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News