‘स्टार ट्रेक’ फेम हॉलीवुड अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन, 86 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

Share

- Advertisement -

Los Angeles News: ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन’ में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड और ‘एक्स-मेन’ में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर की भूमिका निभाने वाले दिग्गज ब्रिटिश अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पारिवारिक बयान के अनुसार, वह लंबे समय से अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली।

हॉलीवुड और ब्रिटिश सिनेमा के सम्मानित अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट का लॉस एंजेलिस स्थित उनके आवास पर निधन हो गया है। अभिनेता के परिवार ने उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक भावुक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। बयान के मुताबिक, 86 वर्षीय पैट्रिक पिछले काफी समय से अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे। जीवन के अंतिम क्षणों में उनकी पत्नी सनी ओजेल उनके साथ मौजूद थीं। दो बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके पैट्रिक के निधन से वैश्विक सिनेमा और रंगमंच जगत में शोक की लहर है।

13 जुलाई 1940 को इंग्लैंड के यॉर्कशायर स्थित मीरफील्ड में जन्मे पैट्रिक स्टीवर्ट का प्रारंभिक जीवन आर्थिक तंगियों के बीच बीता था। तमाम संघर्षों के बावजूद उन्होंने कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और छह दशकों से अधिक लंबे करियर में कई यादगार नाटकों, फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया।

रंगमंच से शुरुआत और ‘स्टार ट्रेक’ से मिली वैश्विक पहचान

पैट्रिक स्टीवर्ट ने महज 18 वर्ष की आयु में अभिनय की शुरुआत की थी। साल 1960 के दशक में वह प्रतिष्ठित ‘रॉयल शेक्सपियर कंपनी’ से जुड़े और शेक्सपियर के कई कालजयी नाटकों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी। उन्होंने 1965 में मंच प्रस्तुति ‘द लाइफ ऑफ गैलीलियो’ से औपचारिक थिएटर करियर को आगे बढ़ाया और शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक ‘हैमलेट’ में राजा की भूमिका निभाई।

टेलीविजन पर उनका सफर 1967 में ‘कोरोनेशन स्ट्रीट’ से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘फॉल ऑफ ईगल्स’, ‘नोवा’, ‘सैटरडे नाइट लाइव’, ‘किंग ऑफ टेक्सास’ और ‘स्टार ट्रेक: पिकार्ड’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया। हालांकि, उन्हें वास्तविक वैश्विक पहचान 47 वर्ष की आयु में मिली, जब उन्होंने साइंस-फिक्शन श्रृंखला ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन’ में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड की भूमिका निभाई। उनका यह किरदार साइंस-फिक्शन विधा के सबसे प्रतिष्ठित किरदारों में शुमार हुआ।

‘एक्स-मेन’ के प्रोफेसर एक्स से लेकर सिनेमा का बड़ा सफर

पैट्रिक स्टीवर्ट ने बड़े पर्दे पर भी कई सफल फिल्में दीं। उन्होंने ‘ड्यून’, ‘लेडी जेन’, ‘गनमैन’, ‘स्टार ट्रेक: जेनरेशन्स’, ‘लेट इट बी’, ‘मास्टरमाइंड’ और ‘स्टार ट्रेक: इंसरेक्शन’ जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं। सुपरहीरो फ्रेंचाइजी ‘एक्स-मेन’ (X-Men) में उनके द्वारा निभाया गया ‘प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर’ का किरदार दुनिया भर के दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा। उनकी आगामी फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ है, जिसमें वे इसी चर्चित किरदार में नजर आएंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News