Entertainment News: इस शुक्रवार, 27 नवंबर को साउथ सिनेमा की छह फिल्में ओटीटी पर रिलीज हो रही हैं। इनमें एक्शन कॉमेडी, मिस्ट्री थ्रिलर, बायोग्राफिकल ड्रामा, रोमांटिक ड्रामा और थ्रिलर शामिल हैं। कुछ फिल्में नेटफ्लिक्स पर आएंगी, तो कुछ जी5, अमेजन प्राइम वीडियो और मनोरमा मैक्स पर देखी जा सकेंगी।
इस शुक्रवार घर बैठे कुछ नया देखने की योजना बना रहे दर्शकों के लिए ओटीटी पर कई विकल्प मौजूद रहेंगे। इन छह फिल्मों में पारिवारिक कहानी, लापता लोगों की तलाश, ऑफिस में पनपता प्यार और पुलिस की कार्रवाई जैसे अलग-अलग विषय देखने को मिलेंगे।
आदर्शा कुटुंबम हाउस नंबर: 47 – AK47 (नेटफ्लिक्स)
यह एक एक्शन कॉमेडी फिल्म है। इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाई गई है, जिसकी जिंदगी अचानक बदल जाती है। परिवार का मुखिया काम के बोझ से परेशान रहता है, लेकिन एक दिन उसकी 100 करोड़ रुपये की लॉटरी लग जाती है। वह अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने के लिए उन्हें एक बड़े और आलीशान विला में ले जाता है। इसके बाद खतरनाक लोगों की नजर उन पर पड़ जाती है और पूरा परिवार मिलकर उनका सामना करता है।
ऑक्टोपस (जी5)
यह एक मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म है। कहानी एक ऐसी सोसाइटी की है, जहां सभी लोग आपस में मिल-जुलकर रहते हैं और एक-दूसरे को अपने परिवार की तरह मानते हैं। एक दिन वहां रहने वाली एक लड़की अचानक लापता हो जाती है। उसकी तलाश शुरू होती है और जांच आगे बढ़ती है। इसी दौरान सोसाइटी के लोगों से जुड़े कई ऐसे राज सामने आने लगते हैं, जिनके बारे में किसी को अंदाजा तक नहीं था।
गरिविडी लक्ष्मी (अमेजन प्राइम वीडियो)
यह एक म्यूजिकल बायोग्राफिकल ड्रामा है। फिल्म आंध्र प्रदेश के गरिविडी गांव की मशहूर लोक कलाकार रेड्डी विजया लक्ष्मी की जिंदगी पर आधारित है। कहानी में एक फिल्ममेकर लक्ष्मी के बारे में जानने के लिए उसके गांव पहुंचता है। वहां उसकी मुलाकात लक्ष्मी की एक पुरानी सहेली से होती है। बातचीत के बाद फिल्ममेकर को पता चलता है कि लक्ष्मी ने बचपन से ही काफी मुश्किलों का सामना किया था। 1980 और 1990 के दशक में वह अपनी कला की वजह से काफी मशहूर हुईं, लेकिन बाद में उनकी जिंदगी में कई परेशानियां आईं।
कॉर्पोरेट लव स्टोरी (जी5)
यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। इसमें उन दो लोगों की कहानी दिखाई गई है, जो बेंगलुरु की एक छोटी-सी डेटिंग ऐप कंपनी में काम करते हैं। नित्या एक मजाकिया लड़की है, जबकि अर्जुन कंपनी में प्रोडक्ट हेड हैं। अर्जुन अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करता और कंपनी को बंद होने से बचाने में लगा रहता है। शुरुआत में दोनों के बीच काफी मतभेद रहते हैं, लेकिन साथ काम करते-करते वे एक-दूसरे को समझने लगते हैं और उनकी दोस्ती प्यार में बदल जाती है। हालांकि, ऑफिस की पॉलिटिक्स और परिवार की उम्मीदें मुश्किलें खड़ी करने लगती हैं।
लॉ एंड ऑर्डर (मनोरमा मैक्स)
यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है। यह बालगोपाल नाम के एक ईमानदार पुलिस ऑफिसर की कहानी है। बालगोपाल को एक खतरनाक नेटवर्क को पकड़ने का काम सौंपा जाता है। वह इसके लिए पुलिस अकादमी से पास हुए पांच नए युवाओं को अपनी टीम में शामिल करता है। सभी मिलकर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन एक ऐसी घटना होती है, जिसके बाद ये नए पुलिसकर्मी खुद ही कानून अपने हाथ में लेने लगते हैं। इसके बाद कहानी में कई नए मोड़ आते हैं।
सत्यमेव (जी5)
यह एक थ्रिलर फिल्म है। फिल्म की कहानी राजाराम नाम के एक शख्स की है। राजाराम काफी ऊंचाइयों पर पहुंचता है, लेकिन फिर अतीत में हुई एक गलती की वजह से अपना आत्मविश्वास खो बैठता है। उसे अपनी जिंदगी दोबारा पटरी पर लाने का मौका तब मिलता है, जब वह 20 साल पहले लापता हुई एक महिला की तलाश शुरू करता है। इस दौरान राजाराम को कई पुराने राज और चौंकाने वाली बातें पता चलती हैं। इसके बावजूद वह अपनी साख दांव पर लगाकर सच्चाई सामने लाने की कोशिश करता है।