New Delhi News: फिल्ममेकर जोड़ी राधिका राव और विनय सापरू ने सोनी म्यूजिक के साथ मिलकर ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ नाम से अपनी नई म्यूजिकल कहानी पेश की है। इसका पहला गाना ‘ये रात खास है’ रिलीज हो गया है, जिसमें एक श्रापित राक्षस और धोखा खाई दुल्हन के बीच रोमांस, फैंटेसी और रहस्य की झलक देखने को मिलती है।
‘वास्ते’, ‘लुट गए’ और ‘लेजा रे’ जैसे लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो बनाने वाली निर्देशक जोड़ी राधिका राव और विनय सापरू एक बार फिर नई कहानी के साथ लौटे हैं। दोनों ने सोनी म्यूजिक के साथ मिलकर ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ नामक एक नई म्यूजिकल पेशकश की शुरुआत की है। इस शृंखला के तहत पहला गाना ‘ये रात खास है’ जारी कर दिया गया है, जो प्यार, रहस्य और रोमांच का अनोखा मेल प्रस्तुत करता है।
क्या है ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ की कहानी
मुंबई में पेश की गई इस म्यूजिकल कहानी का कथानक एक श्रापित राक्षस और धोखा खाई दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमता है। दोनों की मुलाकात पूर्णिमा की एक रात में होती है, जो उनके जीवन की दिशा बदल देती है।
कहानी के अनुसार, सदियों पुराने श्राप और पीड़ा के साथ जी रहा राक्षस दुल्हनों के आंसुओं में अपनी मुक्ति तलाशता है और लाल जोड़े में सजी दुल्हन उसका शिकार होती है। लेकिन एक रात उसका सामना एक ऐसी दुल्हन से होता है, जो उससे भयभीत होने के बजाय उसकी कहानी जानने की इच्छा रखती है। यहीं से दोनों के जीवन में एक नया मोड़ आता है।
राधिका राव और विनय सापरू का बयान
अपनी नई पेशकश के बारे में राधिका राव और विनय सापरू ने कहा कि वे ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ के माध्यम से एक ऐसी काल्पनिक दुनिया गढ़ना चाहते थे, जिसमें रहस्य, रोमांच और रोमांस का संतुलित मेल हो। उनके अनुसार, ‘ये रात खास है’ गाना दर्शकों को इस बड़ी कहानी की केवल एक शुरुआती झलक दिखाता है। उन्हें उम्मीद है कि इसका संगीत और कहानी दर्शकों को लंबे समय तक याद रहेंगे।
इससे पहले भी राधिका राव और विनय सापरू की जोड़ी संगीत जगत को कई चर्चित गीत दे चुकी है। दोनों ने ‘मैंने पायल है छनकाई’, ‘याद पिया की आने लगी’ और ‘तेरे मस्त मस्त दो नैन’ जैसे गानों के साथ-साथ नई पीढ़ी के बीच बेहद लोकप्रिय हुए ‘वास्ते’, ‘लेजा रे’ और ‘लुट गए’ का निर्देशन किया है, जिन्हें इंटरनेट पर अरबों बार देखा जा चुका है।