New Delhi News: वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज से पहले इसके निर्माताओं पर शूटिंग स्थल पर गंदगी फैलाने के आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि प्रोमो लॉन्च की शूटिंग के बाद टीम ने ‘फुलेरा’ गांव के पंचायत कार्यालय के आसपास कचरा छोड़ दिया।
इंस्टाग्राम हैंडल @ishivamchaudhary से साझा किए गए इस वीडियो में सीरीज में दिखाए जाने वाले ‘सचिव जी’ के कार्यालय और उसके आसपास के परिसर के दृश्य नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाले यूजर ने दावा किया है कि हाल ही में निर्माताओं की टीम यहां प्रोमो लॉन्च की शूटिंग के लिए आई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद साफ-सुथरे परिसर में खाने-पीने के पैकेट और कचरा छोड़कर चली गई।
सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
यह वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स और सीरीज के प्रशंसकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग ने सार्वजनिक स्थान पर कचरा छोड़ने को लेकर निर्माताओं की आलोचना की है। वहीं, कुछ यूजर्स ने वीडियो की समय-सीमा पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब मुख्य शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी थी, तो यह वीडियो अब क्यों सामने आया है।
सीरीज के किरदारों को लेकर भी हुई टिप्पणी
वायरल वीडियो के कमेंट सेक्शन में कई प्रशंसकों ने सीरीज की कहानी से जोड़ते हुए व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी की हैं। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में गांव की इस स्थिति के लिए सीरीज के पात्र ‘बनराकस’ (नए प्रधान) और ‘क्रांति देवी’ को जिम्मेदार ठहराया। उल्लेखनीय है कि ‘पंचायत’ का पांचवा सीजन 4 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रहा है, जिसका ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है।