Nainital News: प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के चमत्कारों और आध्यात्मिक जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो गया है। आस्था और रहस्यों से भरपूर यह फिल्म आगामी 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फिल्म का यह दिलचस्प ट्रेलर 18 जुलाई को टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया। कुल 2 मिनट 29 सेकेंड लंबे इस ट्रेलर की शुरुआत एक पुलिस अधिकारी के घर से होती है। जहां एक घबराया हुआ व्यक्ति आकर भूत होने का दावा करता है।
ट्रेलर में दिखी बाबा की अद्भुत आध्यात्मिक यात्रा
मेकर्स के अनुसार फिल्म की पूरी कहानी नीम करौली बाबा के वास्तविक जीवन से प्रेरित है। ट्रेलर में अभिनेता शोभिना सत्या बाबा के मुख्य किरदार में दिखाई दे रहे हैं। उन्हें एक सीन में ट्रेन से जबरदस्ती नीचे उतारते हुए दिखाया गया है।
इसके बाद फिल्म में शानदार दृश्यों के माध्यम से बाबा के सांसारिक बंधनों से मुक्त होने की कहानी दिखाई गई है। वे अपनी पत्नी और परिवार को छोड़कर आध्यात्मिकता की राह पर चल पड़ते हैं। धीरे-धीरे लाखों लोग उनके भक्त बनने लगते हैं।
विराट कोहली और जुकरबर्ग भी हैं बाबा के मुरीद
फिल्म में बाबा के समाधि लेने तक के पूरे सफर को बहुत ही खूबसूरती से समेटा गया है। बाबा ने खुद को कभी भगवान नहीं कहा, लेकिन अनुयायी उन्हें चमत्कारी मानते हैं। वे खुद को सिर्फ हनुमान जी का एक साधारण भक्त कहते थे।
ट्रेलर में साफ बताया गया है कि बाबा ने दुनिया की कई बड़ी हस्तियों को प्रभावित किया है। इनमें फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग, एप्पल के स्टीव जॉब्स, क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा जैसी जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं।
दिग्गज कलाकारों से सजी है यह आध्यात्मिक फिल्म
इस फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में मुख्य अभिनेता शोभिना सत्या के साथ विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।