Patna News: अभिनेत्री मौनी रॉय ने छठ पूजा के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सड़कों और गलियों में घूमकर छठ पर्व की परंपराओं और आध्यात्मिक माहौल को करीब से देखा। मौनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर पटना की संस्कृति और लोगों के आतिथ्य की सराहना की है।
मौनी रॉय ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर पटना यात्रा का एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में वह गोल्डन रंग की साड़ी पहने पटना की गलियों में घूमती और छठ पूजा से जुड़े आयोजन देखती नजर आ रही हैं। उन्होंने इस यात्रा को अपने लिए बेहद खास और यादगार बताया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में साझा किए अपने अनुभव
वीडियो के साथ मौनी ने पटना के प्रति अपना लगाव व्यक्त करते हुए लिखा, “पटना, तुम वाकई बहुत खास रहे। शहर की खूबसूरत गलियों में घूमने से लेकर छठ पूजा की भक्ति, परंपराओं और रौनक को देखने तक, यहां का हर पल यादगार अनुभव रहा। हमें यहां का हर पल बहुत पसंद आया। इस खूबसूरत शहर की असली पहचान को करीब से महसूस किया। अब यहां से ढेर सारी यादें लेकर जा रहे हैं। पटना, फिर मुलाकात होगी।”
देवी मां तारा की प्रतिमा के सामने छठ के महत्व पर की बात
यात्रा के दौरान मौनी रॉय ने छठ महापर्व के आध्यात्मिक पक्ष पर भी अपने विचार रखे। वीडियो में वह देवी मां तारा की प्रतिमा के सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दूं कि ये देवी मां तारा हैं। पटना में छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि पूजा है। यह एक भावना और एहसास है। मेरे हिसाब से यह बहुत आध्यात्मिक और पवित्र है।”
उल्लेखनीय है कि छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित एक प्रमुख लोकपर्व है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में इसे श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस चार दिवसीय पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए उपवास रखते हैं तथा डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।