Mumbai News: फवाद खान और माहिरा खान की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचें हैं संग समेट लो’ 4 दिसंबर को रिलीज होगी। यह नेटफ्लिक्स का पहला पाकिस्तान-थीम वाला ओरिजिनल शो है। भारत में यह सीरीज देखी जा सकेगी या नहीं, इस पर साफ जानकारी नहीं है। नेटफ्लिक्स इंडिया पर यह 4 दिसंबर की तारीख के साथ लिस्ट है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि बाकी है।
फवाद खान और माहिरा खान लंबे समय बाद एक साथ स्क्रीन पर लौट रहे हैं। दोनों को इससे पहले ‘हमसफर’ में साथ देखा गया था। फवाद खान और सनम सईद की जोड़ी ‘जिंदगी गुलजार है’ से भी याद की जाती है। इस सीरीज में अहद रजा मीर, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, इकरा अजीज, माया अली और बिलाल अशरफ भी नजर आएंगे।
कहानी क्या है
यह सीरीज फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास ‘जो बचें हैं संग समेट लो’ पर आधारित है। कहानी सिकंदर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हार्वर्ड में कानून की पढ़ाई करता है। एक मुश्किल अनुभव के बाद वह भावनात्मक रूप से अपने में सिमट जाता है। दूसरी ओर लीजा एक कलाकार है, जो अपने अतीत की परेशानियों से जूझ रही है।
दोनों की मुलाकात इटली में होती है, जहां उनके बीच रिश्ता बनता है। सीरीज में तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों को दिखाया गया है। नेटफ्लिक्स ने 22 नवंबर को नया पोस्टर जारी करके 4 दिसंबर 2026 की ग्लोबल प्रीमियर तारीख की घोषणा की थी।
भारत में रिलीज पर क्यों है सवाल
भारत में इस सीरीज की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता का कारण सूचना और प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी है। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बाद मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य डिजिटल माध्यमों से पाकिस्तान से आने वाली सामग्री को बंद करने को कहा था।
इस एडवाइजरी में पाकिस्तानी फिल्में, वेब सीरीज, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग सामग्री शामिल थी, चाहे वह सब्सक्रिप्शन से मिलती हो या किसी और तरीके से। नेटफ्लिक्स ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि भारत में यह सीरीज तय तारीख पर रिलीज होगी या नहीं।