Mumbai News: अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया की रिहायशी इमारत में आग लगने से बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड धनपत का निधन हो गया। दीपावली और विवेक के जन्मदिन से ठीक एक रात पहले हुए इस दर्दनाक हादसे पर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर संवेदना व्यक्त की है।
टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और उनके पति अभिनेता विवेक दहिया की रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। यह हादसा दीपावली और विवेक दहिया के जन्मदिन से ठीक एक रात पहले हुआ। इस दुर्घटना में इमारत के सुरक्षा गार्ड धनपत का निधन हो गया। हादसे के बाद दिव्यांका त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखकर सुरक्षा गार्ड को याद किया और इस क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया।
अभिनेत्री ने बताया कि उस शाम उनका बाहर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन योजनाएं टलने के कारण वे परिवार सहित घर पर ही मौजूद थे। इसी वजह से आग लगने पर खतरे को समय रहते भांप लिया गया और वे अपने बच्चों, परिवार और घरेलू कर्मचारियों के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
‘धनपत अंकल सिर्फ गार्ड नहीं, रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे’
दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कुछ नुकसान जीवन में ऐसा सन्नाटा छोड़ जाते हैं जो कभी नहीं भरता। उन्होंने याद किया कि जब वे पहली बार अपने बच्चों को घर लाए थे, तो सबसे पहले उनका स्वागत करने और आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल ही थे। उन्होंने सोचा था कि धनपत आने वाले वर्षों में उनके बच्चों को बड़ा होते देखेंगे, लेकिन इस अप्रत्याशित हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
उन्होंने कहा कि जब वे आग के बाद किसी दोस्त के घर में ठहरे हुए थे, तब भी वे प्रार्थना कर रहे थे कि धनपत के निधन की खबर सच न हो। उन्होंने लिखा कि धनपत सिर्फ एक सुरक्षा गार्ड नहीं थे, बल्कि उनके दैनिक जीवन का एक अभिन्न और विश्वसनीय हिस्सा थे।
सुरक्षा जांच के बाद बहाल हुईं सेवाएं, पर दिल में रह गया अंधेरा
हादसे के बाद दीपावली के मौके पर इमारत में धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। अगले दिन सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट सेवाएं भी शुरू कर दी गईं।
दिव्यांका ने लिखा कि तकनीकी रूप से इमारत में सुविधाएं वापस आ गईं, लेकिन मानसिक और भावनात्मक रूप से सामान्य स्थिति नहीं लौट सकी। इस हादसे ने उनकी दीपावली की खुशियों को धुंधला कर दिया। उन्होंने कहा कि एक अनमोल जीवन के चले जाने से जो रिक्तता और अंधकार दिल में आया है, उसे कोई कृत्रिम रोशनी दूर नहीं कर सकती।
पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तो वे उन्हें धनपत के दयालु स्वभाव और उनकी अहमियत के बारे में बताएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी सीख साझा की कि जीवन में किसी भी व्यक्ति की मौजूदगी को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए।