New Delhi News: रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी की वास्तविकता को लेकर चल रही बहस पर रिटायर्ड कर्नल मुनिश्वर नाथ बख्शी (हनी बख्शी) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म में इस्तेमाल की गई घटनाएं वास्तविक हैं, लेकिन उन्हें पर्दे पर पेश करने का तरीका फिल्ममेकर्स की कल्पना पर आधारित है।
एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट में ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी पर बात करते हुए रिटायर्ड कर्नल बख्शी ने कहा, “यह वास्तविक घटनाओं पर आधारित एक काल्पनिक कहानी है। घटनाएं हुई थीं, लेकिन उन्हें सुनाने और दिखाने का तरीका कल्पना पर आधारित है।” उनके इस बयान ने फिल्म के तथ्यों और सिनेमाई प्रस्तुति को लेकर दर्शकों के बीच जारी चर्चा को एक नया नजरिया दिया है।
फिल्म देखने के बाद दी हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया
समिट के दौरान जब हनी बख्शी से पूछा गया कि पर्दे पर वास्तविक जीवन से जुड़ी घटनाओं को देखकर उनकी क्या प्रतिक्रिया थी, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने तक वह शराब पीना छोड़ चुके थे, वरना घर जाकर एक ड्रिंक जरूर लेते।
कहानी और रचनात्मक छूट पर पहले भी उठे हैं सवाल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय खुफिया एजेंट जसकीरत सिंह रंगी की भूमिका निभाई है, जो एक गुप्त मिशन पर पाकिस्तान जाता है। फिल्म में कराची के ल्यारी इलाके, वहां के गैंगस्टर नेटवर्क और भारत-पाकिस्तान की सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों को दिखाया गया है।
रिलीज के बाद से ही फिल्म के कई दृश्यों की प्रामाणिकता पर चर्चा हो रही है। जहां एक वर्ग ने इसे वास्तविक घटनाओं से प्रेरित माना, वहीं कई दर्शकों ने पाकिस्तान के राजनीतिक हालात और अपराध के चित्रण में ली गई रचनात्मक छूट पर सवाल भी उठाए।
दो भागों में रिलीज हुई थी फ्रेंचाइजी
आदित्य धर की इस फ्रेंचाइजी में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का पहला भाग 5 दिसंबर 2025 को और दूसरा भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था। दोनों भागों ने मिलाकर बॉक्स ऑफिस पर 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।