पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं, संग समेट लो’ की रिलीज पर भड़के अशोक पंडित, पीएम मोदी से की रोक लगाने की मांग

Share

- Advertisement -

Mumbai News: फिल्ममेकर अशोक पंडित ने नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं, संग समेट लो’ की भारत में प्रस्तावित रिलीज का विरोध किया है। उन्होंने अभिनेता हमजा पर भारतीय सुरक्षा बलों के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से इस शो के प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की अपील की है।

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं, संग समेट लो’ की भारत में संभावित रिलीज पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने और शो के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अशोक पंडित ने स्पष्ट किया कि भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें पता चला है कि नेटफ्लिक्स इंडिया एक ऐसा शो लेकर आ रहा है, जो पाकिस्तानी शो है। इस शो में फवाद खान और हमजा जैसे अभिनेता शामिल हैं। हमजा वह शख्स है, जिसने हमारे सुरक्षा बलों का मजाक उड़ाया है और उन्हें गाली दी है।”

पाकिस्तानी कंटेंट के प्रसारण पर उठाए सवाल

अशोक पंडित ने पाकिस्तान की नीतियों की आलोचना करते हुए भारत में वहां के कार्यक्रमों को दिखाने की आवश्यकता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि पाकिस्तान एक दुश्मन देश है, जो इंसानियत, एकता, भाईचारे और अहिंसा में विश्वास नहीं करता। ऐसे में भारत के दर्शकों को उस देश का कंटेंट दिखाने की क्या जरूरत है।”

पीएम मोदी और मंत्रालयों से सख्त कार्रवाई की मांग

फिल्ममेकर ने भारत सरकार से इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि वह इस सीरीज की भारत में रिलीज के बिल्कुल पक्ष में नहीं हैं।

सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए उन्होंने कहा, “मैं पीएम मोदी से अपील करता हूं कि इस शो के टेलीकास्ट के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए और इस मामले पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए। साथ ही सूचना और प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय से भी अपील है कि इसका प्रसारण रोका जाए। अभी सही समय है कि देश के लोगों की भावनाओं को समझा जाए क्योंकि देश सबसे पहले है।”

नेटफ्लिक्स इंडिया से शो हटाने का अनुरोध

अशोक पंडित ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया से भी इस सीरीज को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं हो सकता कि एक तरफ वह देश लगातार हमारे लोगों को मार रहा हो और दूसरी तरफ उसी देश के लोग यहां आकर मनोरंजन करते रहें। हम नहीं चाहते कि हमारा देश किसी भी तरह से पाकिस्तान के लिए इस्तेमाल हो। हमें उम्मीद है कि नेटफ्लिक्स इंडिया शो को हटाने की हमारी इस अपील को गंभीरता से लेगा और हमारी बात मानेगा।”

Read more

Related News