UPSSSC PET 2026: दूसरे दिन 60 जिलों में 12 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, बारिश की आशंका पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रदेश के 60 जिलों में लगभग 12 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए आयोग ने बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष प्रबंध किए हैं। सभी संबंधित जिलों के स्कूलों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दूसरे दिन का आयोजन शुक्रवार को प्रदेश के 60 जिलों में किया जा रहा है। इस चरण में लगभग 12 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में करीब छह लाख परीक्षार्थी बैठेंगे। मौसम विभाग द्वारा बारिश और मौसम में बदलाव की संभावना जताए जाने के मद्देनजर आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ जलभराव या आवागमन में व्यवधान से निपटने के कड़े निर्देश दिए हैं।

आयोग के अध्यक्ष सत्य नारायण साबत ने परीक्षा की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए सभी 60 जिलों के नोडल अधिकारियों (अपर जिलाधिकारी) और पुलिस नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिशा-निर्देश साझा किए जा चुके हैं। परीक्षा व्यवस्था को परखने के लिए गुरुवार को एक विस्तृत रिहर्सल भी संपन्न कराया गया।

मौसम की स्थिति पर नजर, 1 नवंबर को होगी तीसरे दिन की परीक्षा

मौसम में संभावित बदलाव, बारिश और उससे उत्पन्न होने वाली प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन को सतर्क मोड पर रखा गया है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने या परीक्षा देने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा व्यवस्था किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पीईटी-2026 की पहले दिन की परीक्षा 25 अक्टूबर को आयोजित की जा चुकी है। शुक्रवार को दूसरे दिन की परीक्षा के बाद तीसरे व अंतिम दिन की परीक्षा एक नवंबर को संपन्न कराई जाएगी। जिलों में परीक्षार्थियों की भारी संख्या और सुगम यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए संबंधित जिलों के विद्यालयों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News