Chandigarh News: समग्र शिक्षा के तहत चंडीगढ़ में कार्यरत 1000 से अधिक जेबीटी, टीजीटी शिक्षकों और कार्यालय कर्मचारियों को वेतन और महंगाई भत्ते के भुगतान में देरी के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अक्तूबर का वेतन लंबित है, जबकि नवंबर का वेतन भी जल्द देय हो जाएगा।
इसके अलावा, जनवरी 2026 से संशोधित डीए का भुगतान भी नहीं किया गया है। समग्र शिक्षा टीचर वेलफेयर एसोसिएशन, यूटी चंडीगढ़ ने इस मामले में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव, समग्र शिक्षा चंडीगढ़ की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष और स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर को डिमांड नोटिस जारी किया है।
30 नवंबर तक भुगतान की मांग, हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
एसोसिएशन ने 30 नवंबर तक बकाया वेतन और डीए जारी करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
10-12 साल से बनी हुई है समस्या
चंडीगढ़ टीचर्स एसोसिएशन से संबद्ध संगठन के पदाधिकारियों सतनाम सिंह, अरविंद राणा, अजय उपमन्यु, परवीन कौर ने कहा कि चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश होने के कारण समग्र शिक्षा का 100 प्रतिशत बजट केंद्र सरकार वहन करती है। केंद्र से बजट की किस्त मिलने में देरी के कारण शिक्षकों का वेतन बार-बार अटकता है। संगठन के अनुसार, पिछले 10-12 वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और कई बार दो से तीन महीने तक वेतन लंबित रहा है।
एसोसिएशन ने बताया कि जनवरी से जुलाई 2026 तक दो प्रतिशत और जुलाई 2026 से अब तक तीन प्रतिशत की दर से डीए भी बकाया है, जबकि चंडीगढ़ प्रशासन के नियमित कर्मचारियों को इसका भुगतान किया जा चुका है। संगठन ने देरी से भुगतान पर छह प्रतिशत ब्याज देने की भी मांग की है।