Washim News: वाशिम जिले के मालेगांव तहसील अंतर्गत ब्राह्मणवाड़ा में समाज में बदनामी के डर से एक पिता द्वारा अपनी 35 वर्षीय विवाहित बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के छह दिन बाद मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव तहसील स्थित ब्राह्मणवाड़ा गांव में पिता द्वारा अपनी ही विवाहित बेटी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाज में बदनामी की आशंका और आक्रोश के चलते यह वारदात की गई। घटना के छह दिन बाद, 26 अक्टूबर को मृतका की मां द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 35 वर्षीय मनीषा उमेश नायकवाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हिंगोली जिले के सेनगांव तहसील अंतर्गत कोरेगांव की निवासी थी और वर्तमान में ब्राह्मणवाड़ा में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक मनीषा किसी अन्य युवक से प्रेम करती थी और अपने पति को छोड़कर उसके साथ चली गई थी। बेटी के इस कदम से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने की बात कहकर उसके 52 वर्षीय पिता संतोष महोती गोटे बेहद आक्रोशित थे। इसी विवाद के चलते मंगलवार 20 अक्टूबर को दशहरे की रात करीब एक बजे घर में मनीषा की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
डर के कारण मां ने छिपाई थी बात
वारदात के समय मृतका की मां वर्षा संतोष गोटे (45) भी घर में मौजूद थी। हालांकि आरोपी के भय के कारण उसने शुरुआत में इस घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। मामले को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने जब वर्षा से पूछताछ की और उसे पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया, तब उसने पूरी घटना का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने मां की औपचारिक शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या से संबंधित विधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का मुआयना
वारदात की सूचना के बाद उपविभागीय पुलिस अधिकारी रामकृष्ण पवार और सहायक पुलिस निरीक्षक योगिता भारद्वाज ने ब्राह्मणवाड़ा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। छह दिनों तक दबा रहा यह मामला उजागर होने के बाद समूचे क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल है। मामले की आगे की विस्तृत जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगिता भारद्वाज द्वारा की जा रही है।